Video - नीतीश कुमार : बिहार में दो दशक निर्माण के
पटना/नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री का पद छोड़ने वाले नीतीश कुमार अपने आगे के सियासी सफर पर कैसे बढ़ेंगे? इन सवालों के बीच जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बिहार का दो दशक तक मुख्यमंत्री रहते हुए किए गए विकास कार्यों की लोगों को याद दिलाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का कार्य जदयू के सोशल मीडिया ग्रुप ने संभाल लिया है।
जदयू का सोशल मीडिया ग्रुप अपनी सरकार के समय की उपलब्धियों और विकास कार्यों की गाथा को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोगों तक पहुंचाने में लग गया है। हालांकि जदयू का सोशल मीडिया ग्रुप पहले भी सक्रिय रहता था किंतु भारतीय जनता पार्टी के हाथ में राज्य शासन की बागडोर जाने के बाद से उसकी सक्रियता में नई तेजी दिख रही है।
गुरुवार को जनता दल यूनाइटेड ने सोशल मीडिया पर निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों की झलक दिखाता एक वीडियो जारी किया। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'बिहार की राजनीति में एक युग का अध्याय पूरा हुआ, लेकिन जनसेवा की भावना आज भी जीवित है। माननीय नीतीश कुमार जी का नेतृत्व सिर्फ शासन नहीं, बल्कि विश्वास, अनुभव और समर्पण की पहचान रहा है। 2005 में देखे गए सपनों को साकार कर उन्होंने बिहार को नई दिशा दी। अंतिम कैबिनेट बैठक के भावुक क्षणों में विदाई नहीं, बल्कि भरोसे की नई शुरुआत दिखी। “मैं दिल्ली जा रहा हूं, लेकिन मेरी नजर आप लोगों पर रहेगी” यह शब्द उनके अटूट जुड़ाव और नेतृत्व की निरंतरता का प्रतीक हैं।'
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें