Video - संजय निषाद का दुख क्यों नहीं हो रहा कम, चुनावी आहट कर रही बेचैन-बेदम!
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन वाली सरकार में मत्स्य विभाग के मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का दुख कम नहीं हो रहा है। जब-तब अपने समाज की स्थिति और आरक्षण के मुद्दे को लेकर वह भावुक हो जाते हैं। अब उनकी शिकायत है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में उनसे किए गए वादों को पूरा नहीं किया जा रहा है। निषाद समाज में इससे नाराजगी है। अगले साल होने वाले चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना होगा। लोकसभा चुनाव जैसा हाल विधानसभा चुनाव में भी हो सकता है।
अब इसे मत्स्य विभाग के मंत्री का दर्द समझा जाए या फिर अगले साल के शुरुआत में होने वाले यूपी के विधानसभा चुनाव से पहले समाज के लोगों को भावनात्मक रूप से आंदोलित-उद्वेलित करके अपने साथ जोड़े रहने की रणनीति माना जाए। 4 साल से योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद को अपने समाज के मुद्दे पर रोते-बिसुरते कभी नहीं देखा गया, बल्कि उनकी कार्यकर्ताओं से अपनी आरती उतरवाते और अपना पैर थाली में रखकर धुलवाने की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया में जरूर वायरल होती रही हैं।
बीती 22 मार्च को संजय निषाद को दुनिया ने मंच से रोते हुए भी देखा। बेहद भावुक हो रहे मंत्री उस दिन गोरखपुर में एक सभा कर रहे थे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस, सपा और बसपा को भी अपने समाज का हक मारने और दुर्दशा के लिए जिम्मेदार बताया।
वैसे, इन सब के बीच मत्स्य मंत्री ने बुधवार 25 मार्च को अपने पार्टी के आईटी सेल के सदस्यों के साथ सिनेमा हॉल में पहुंचकर 'धुरंधर : दि रिवेंज' फिल्म का आनंद लिया। उन्होंने अपने X हैंडल पर इसकी तस्वीरें भी शेयर कीं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें