Video - 'धुरंधर: द रिवेंज' : आदित्य धर को देखते ही रणवीर सिंह ने दिखाया जोशीला अदाज
'धुरंधर : द रिवेंज' भी अपने पहले पार्ट 'धुरंधर' की तरह ही कामयाबी की तरफ बढ़ती दिख रही है। फिल्म के निर्माता-निर्देशक आदित्य धर और मूवी में हमजा अली मजारी का किरदार निभाने वाले रणवीर सिंह और जमील जमाली का बेहतरीन किरदार अदा करने वाले कलाकार राकेश बेदी सहित सारे कलाकार जोश में हैं। हाल ही में फिल्म की कामयाबी पर आयोजित एक कार्यक्रम में लोगों ने आदित्य धर के स्टेज पर पहुंचने के दौरान रणवीर सिंह का जोशीला अंदाज देखा।
तीन दिन में ही 501 करोड़ रुपये का कलेक्शन
बीती 19 मार्च को रिलीज हुई 'धुरंधर: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर भारत में अब तक कुल 339.27 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। फिल्म ने पहले दिन 102.55 करोड़, दूसरे दिन 80.72 करोड़ और तीसरे दिन 113 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इस मूवी ने वर्ल्ड वाइड अब तक 501.04 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। सिनेमाघरों में बड़े पर्दे पर इस फिल्म को देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है।
सभी ने आदित्य धर को सराहा
फिल्म 'धुरंधर : द रिवेंज' को दर्शकों और आलोचकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की कहानी, एक्शन सीन और रणवीर सिंह की एक्टिंग की प्रशंसा हो रही है। हालांकि फिल्म के इस दूसरे पार्ट में पहले के मुकाबले गालियों की भरमार है। वैसे, निर्माता-निर्देशक आदित्य धर को भी सराहा जा रहा है। मशहूर फिल्म मेकर राकेश रोशन ने भी आदित्य धर के डायरेक्शन और मूवी की जमकर तारीफ की है।
धुरंधर छा गयी थी दिलों-दिमाग पर
निर्माता-निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म का पहला पार्ट 'धुरंधर' सिनेमाघरों में पहुंचने के साथ ही सिने प्रेमियों के दिलों-दिमाग पर छा गया था। तभी से इसके दूसरे पार्ट की प्रतीक्षा फिल्म के चाहने वाले कर रहे थे। इस फिल्म ने कुल 1006.70 करोड़ रुपये की वर्ल्ड वाइड कमाई की थी। जिसमें से भारत में 668.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ है। पहले पार्ट ने अपने पहले हफ्ते में 218 करोड़ रुपये, दूसरे हफ्ते में 261.50 करोड़ रुपये और 15-20 दिनों के बीच 160.70 करोड़ रुपये की कमाई की थी। हालांकि फिल्मी दुनिया के जानकार कहते हैं कि दूसरे अन्य प्लेटफार्म की भी कमाई को जोड़ लिया जाए तो धुरंधर ने करीब 1200 करोड़ रुपये की कमाई की है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें