Video - रामलला के दर्शन की आस को राजेश्वर सिंह 'रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा' के जरिये करा रहे पूरा
- सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र के बुजुर्गों को ले जाकर करा रहे हैं अयोध्या धाम के दर्शन
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के सरोजिनी नगर विधानसभा सीट के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह अपने X हैंडल पर रविवार को एक लंबी पोस्ट लिखी। इसमें उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है कि लगभग तीन वर्ष पूर्व प्रारम्भ की गयी ‘रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा’ आज जन आस्था का एक सशक्त अभियान बन चुकी है। 17 फरवरी 2026 को 54वीं निःशुल्क यात्रा श्रद्धालुओं के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
विधायक का कहना है कि तीन वर्ष पूर्व मैंने यह संकल्प लिया था कि हमारे क्षेत्र के बुजुर्गों, माताओं-बहनों और उन सभी श्रद्धालुओं को, जो किसी कारणवश अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्रीराम लला के दर्शन नहीं कर पा रहे थे, उन्हें निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। प्रभु की कृपा से अब तक लगभग 8,100 से अधिक श्रद्धालुओं को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दिव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा मेरे लिए केवल तीर्थ-दर्शन का आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सनातन संस्कारों के प्रति श्रद्धा का माध्यम है। श्रद्धालुओं के भाव-विभोर चेहरे, “जय श्रीराम” के गूंजते उद्घोष और भक्ति से सराबोर वातावरण हर बार इस प्रयास को एक आध्यात्मिक महोत्सव में परिवर्तित कर देते हैं।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मैं सदैव यह मानता हूँ कि समग्र विकास के साथ-साथ जन-जन की आस्था का सम्मान भी हमारी जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ प्रारंभ की गई यह पहल आज जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा सरोजनीनगर की एक विशिष्ट पहचान बन चुकी है। जहाँ सेवा, संस्कार, संकल्प और श्रद्धा एक साथ समाज को नई दिशा दे रहे हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें