बहराइच : किसान को मारने वाला तेंदुआ पकड़ा गया
- जिले के ककरहा रेंज के धर्मपुर बेझा गांव में 40 वर्षीय किसान की मौत से ग्रामीणों में थी नाराजगी
बहराइच। इलाके में तेंदुए के आतंक से भयभीत ग्रामीणों के लिए सोमवार का दिन एक अच्छी खबर लेकर आया। यहां वन विभाग को उस आदमखोर तेंदुए को पकड़ने में कामयाबी मिली, जिसने पिछले दिनों एक किसान को मार दिया था। उसको जाल में फंसाने के लिए एक बकरी को बांधा था। बकरी को खाने के लिए पहुंचा तेंदुआ वहां रखे वन विभाग के पिंजरे में फंस गया।
ककरहा रेंज के धर्मपुर बेझा गांव में एक किसान को मार डालने वाले आदमखोर तेंदुए को पकड़ लेने से ग्रामीण खुश हैं। यह तेंदुआ लगातार लोगों पर हमले कर रहा था। गांव के लोगों की मांग पर वन विभाग ने पिंजरा लगाया था। इसके पास ही एक बकरी भी बांध दी गई थी। तड़के करीब तीन बजे तेंदुआ बकरी के शिकार के प्रयास में पिंजरे में कैद हो गया। ग्रामीणों ने जानकारी वन विभाग को दी तो टीम तेंदुए को रेंज कार्यालय लेकर चली गई।
नौबना जंगल के किनारे बसे धर्मपुर बेझा के मैकूपुरवा गांव निवासी कंधेई (40 वर्ष) पुत्र जगजीवन रविवार की दोपहर अपने घर के करीब खेत में गए थे। इस दौरान जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया था। सुनसान जगह होने के कारण उनकी चीख कोई नहीं सुन पाया। तेंदुआ खींचकर किसान को जंगल में ले गया था। तेंदुए ने उनके गले सहित शरीर को कई जगह पर जख्मी कर दिया था। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित थे।
सूचना पाकर एसडीएम मिहींपुरवा संजय कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी हीरालाल कनौजिया, मूर्तिहा कोतवाल अमितेंद्र सिंह, ककरहा वन रेंज के वन दरोगा अशोक कुमार श्रीवास्तव सहित टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। पुलिस क्षेत्राधिकारी हीरालाल कनौजिया सहित सभी टीमें रात में कॉम्बिंग करती रहीं। रात में वन विभाग के स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के साथ ककरहा क्षेत्र अधिकारी डीपी कनौजिया भी गांव पहुंचे।
ग्रामीणों द्वारा बताए गए मूवमेंट के क्षेत्र के आधार पर गांव के बाहर पिंजरा लगवाया गया। एक बकरी भी बांध दी गई थी। टीम पिंजरे के आसपास नजर रख रही थी। तड़के तेंदुआ शिकार की तलाश में पिंजरे में में कैद हो गया। वनाधिकारी बी शिवशंकर के अनुसार तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद उसे उसके अनुकूल किसी वन रेंज में छोड़ दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ ने मुर्तिहा कोतवाली के पूर्व हरखापुर गांव में मधुसूदन पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। सुजौली के अयोध्या पुरवा गांव में भी तेंदुए ने गुरुवार की रात घर के बाहर सो रही सायबा पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया था।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें