बहराइच में भेड़िये और तेंदुए के हमले में चार घायल


बहराइच। करीब दो सप्ताह की खामोशी के बाद गुरुवार रात को भेड़िया ने फिर हमला करके ग्रामीणों में खलबली मचा दी है। वहीं जिले के दो गांवों में तेंदुआ के भी हमला करने का मामला सामने आया है।

जिले के हरदी थाना क्षेत्र के रमवापुर खुर्द गांव निवासी आरुष (6 माह) पुत्र रमेश अपनी मां फूलमती के साथ तीन दिन पहले ननिहाल घूमनी गांव आया था। फूलमती रात ढाई बजे अपने बच्चे को दूध पिला रही थी। तभी रात दो बजे वहां पहुंचे जंगली जानवर ने मां की गोद से उसे अपनी तरफ खींचने का प्रयास किया लेकिन मां द्वारा बच्चे को जोर से पकड़ कर अपनी तरफ खींचने के बीच ही अचानक वह जानवर जंगल की ओर भाग गया। मां का दावा है कि वह भेड़िया था। 

इसी थाना क्षेत्र के ग्राम नकहा निवासी ममता (5 वर्ष) पुत्री तीरथ अपनी बहन के साथ सो रही थी। रात ढाई बजे के आसपास भेड़िया ने बालिका पर हमला कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर भेड़िया बालिका को छोड़कर चला गया। दोनों को परिवार के लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमलों को लेकर गांव के लोगों में हड़कंप मच गया है।

बालिका और किसान तेंदुआ के हमले में घायल

बहराइच। जंगल से सटे गांवों में तेंदुआ ने किसान और बालिका पर हमला कर दिया। बालिका को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया है। किसान का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। 

सबसे पहले धर्मापुर रेंज के हरखापुर गांव में तेंदुआ पहुंच गया। उसने खेत में काम कर रहे किसान मधु सूदन (35 वर्ष) पुत्र राम कुमार पर हमला कर दिया। किसान ने संघर्ष कर जान बचाई। उसे सीएचसी लाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर रात नौ बजे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। वहीं सुजौली थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरवा गांव निवासी सायबा (14 वर्ष) पुत्री वसीम खान गुरुवार रात को घर के बाहर सो रही थी। रात 10 बजे के आसपास जंगल से निकल कर आए तेंदुआ ने बालिका पर हमला कर दिया।

बालिका के रोने पर परिवार के लोग जागे। सभी ने हांका लगाया। बालिका को सीएचसी मोतीपुर लाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात 12 बजे हालत में सुधार न होने पर बालिका को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डीएफओ बी शिव शंकर ने बताया कि तेंदुए ने अलग अलग गांवों में हमला किया है। जिसमें बालिका समेत दो घायल हुए हैं।

रास्ते में करना पड़ा इलाज

सुजौली थाना क्षेत्र निवासी सायबा को तेंदुआ ने बुरी तरह घायल कर दिया है। एएलएस एंबुलेंस यूपी 32 बीजी 8171 से जिला अस्पताल लाया जा रहा था लेकिन नानपारा के आगे बालिका की हालत गंभीर हो गई। जिस पर ईएमटी अशोक कुमार यादव ने ऑनलाइन डॉक्टर जितेंद्र कुमार की सहायता लेकर प्राथमिक उपचार दिया। जिस पर बालिका की हालत स्थिर हुई। इस पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

यूपी : विद्युत अभियंताओं के चुनाव में संजय सिंह चौहान अध्यक्ष व जितेंद्र सिंह गुर्जर पुन: महासचिव निर्वाचित

चंद्र ग्रहण रविवार 07 सितम्बर को, जानिए किन राशियों पर पड़ेगा प्रभाव और क्या करें उपाय

नये संकल्पों के साथ मैदान में उतरेगा वैश्य समाज : डॉ. नीरज बोरा