ऑपरेशन चंपाई सोरेन पूरा, हिमंता बिस्वा सरमा ने पूर्व CM को भाजपा में पहुंचाने का बनाया मजबूत रास्ता
नई दिल्ली। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन को भारतीय जनता पार्टी में लाने का ऑपरेशन आधिकारिक तौर पर शुक्रवार को पूरा हो गया। 30 अगस्त को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन भाजपा में शामिल हो गए। उनको भाजपा में लाने का मजबूत रास्ता बनाने वालों में असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने अहम किरदार निभाया है। भाजपा में शामिल होने के मौके पर रांची में आयोजित कार्यक्रम में चंपाई सोरेन भी मौजूद रहे।
झामुमो के संस्थापक शिबू सोरेन 'गुरुजी' के बेहद करीबी और कोल्हान के टाइगर नाम से झारखंड की सियासत में पहचान रखने वाले चंपाई सोरेन, हेमंत सोरेन के जेल जाने के हालात पैदा होने पर उनकी जगह पर राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। हेमंत सोरेन के जेल से वापस आने के बाद चंपाई को हटना पड़ा और हेमंत दोबारा झारखंड के मुख्यमंत्री बन गए। इस दर्द को चंपाई सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर पोस्ट के जरिये सबके सामने रखकर राज्य की सियासत में जल्द ही किसी बड़े उथल-पुथल होने के संकेत दे दिये थे।
पूर्व CM सोरेन का 'धमाका', CM हेमंत सोरेन की परेशानी बढ़ी, भाजपा में जाएंगे चम्पाई सोरेन?
चंपाई सोरेन इसके बाद दिल्ली गए तो राजनीतिक हलकों में उनके भाजपा में जल्द शामिल होने की चर्चा शुरू हो गई। हालांकि वह भाजपा में शामिल नहीं हुए और ना ही दिल्ली में उन्होंने किसी भाजपा के नेता से सार्वजनिक तौर पर मुलाकात की। चंपाई सोरेन झारखंड वापस लौटे और फिर राज्य में अपने समर्थकों के बीच घूमने लगे। यहां पर उन्होंने कहीं और नहीं जाने की बात भी कही लेकिन बाद में अपने बयान से पलटते हुए उन्होंने कहा कि वह अपनी सोच के करीब पाने वाले किसी साथी के साथ राज्य में राजनीति करना पसंद करेंगे। फिर उनका दिल्ली का दौरा हुआ तो वह हिमंता बिस्वा सरमा के साथ देश के गृहमंत्री अमित शाह से मिलने की तस्वीर के साथ दुनिया को दिखे।
चंपाई सोरेन 'कोल्हान' की ताकत से झारखंड में जमाएंगे पैर
रांची में भाजपा में शामिल होने के मौके पर एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें झारखंड के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी व अर्जुन मुंडा के अलावा असम के सीएम भी मंच पर मौजूद रहे। अभिनंदन सह मिलन कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता मरांडी ने सोरेन को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
चंपाई सोरेन ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह से मुलाकात के बाद एक और पोस्ट अपने हैंडल से जारी किया था। जिसमें उन्होंने झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठियों की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी। साथ ही उसमें उन्होंने भाजपा में शामिल होने का ऐलान भी किया था। आखिरकार झारखंड में ऑपरेशन चंपाई सोरेन विधानसभा चुनाव के कुछ महीने पहले पूरा होने के साथ ही यह साफ हो गया है कि राज्य की सियासत में इस बार भगवा खेमा सरकार बनाने के लिए सभी सियासी चालों को चलने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें