बाइस साल से फरार प्रतिबंधित संगठन सिमी के सदस्य को महाराष्ट्र से पकड़ा

 

नई दिल्ली/मुंबई। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने 22 साल से फरार प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के सदस्य हनीफ शेख को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। हनीफ महाराष्ट्र के जलगांव जिले के भुसावल में छिपा हुआ था।

उसके खिलाफ सन 2001 में दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में यूएपीए के तहत मामला दर्ज हुआ था। हनीफ शेख सिमी के मैगजीन इस्लामिक मूवमेंट के उर्दू संस्करण का संपादक था। वह आधारहीन और बेबुनियाद लेखों के जरिये युवाओं को भड़काने के अलावा अन्य गतिविधियों में लिप्त था।

जांच में पता चला है कि हनीफ शेख ने सन 1997 में महाराष्ट्र के जलगांव से डिप्लोमा किया। फिर इसी साल सिमी में शामिल हो गया। अपनी कट्टरपंथी गतिविधियों की वजह से उसे इस्लामिक मूवमेंट पत्रिका का संपादक बनाया गया। इस दौरान उसने पत्रिका में मुसलमानों पर हो रहे अत्याचारों को गलत तरीके से प्रकाशित कर मुस्लिम युवाओं को भड़काना शुरू किया।

स्पेशल सेल चार साल से कर रही थी पीछा

स्पेशल सेल के डीसीपी आलोक कुमार ने रविवार को बताया कि पिछले चार साल से स्पेशल सेल की टीम हनीफ शेख का पीछा कर रही थी। दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में दर्ज राजद्रोह और गैरकानूनी गतिविधियों के मामले में ट्रायल के दौरान सन 2002 में उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। 

हनीफ इस दौरान महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में सिमी की बैठक में भाग लेने और अन्य घटनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। जब स्पेशल सेल दक्षिणी रेंज को उसके गिरफ्तारी की जिम्मेदारी दी गई तो टीम के प्रमुख सदस्यों ने दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र का दौरा कर हनीफ शेख से जुड़ी तमाम जानकारियां इकट्ठा कीं। उसके कई ठिकानों को देखने के साथ अलग-अलग राज्यों में जाने के तमाम रूट का भी पता लगाया। इसके बाद पुख्ता जानकारी पर उसे महाराष्ट्र के भुसावल से 22 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

यूपी : विद्युत अभियंताओं के चुनाव में संजय सिंह चौहान अध्यक्ष व जितेंद्र सिंह गुर्जर पुन: महासचिव निर्वाचित

चंद्र ग्रहण रविवार 07 सितम्बर को, जानिए किन राशियों पर पड़ेगा प्रभाव और क्या करें उपाय

नये संकल्पों के साथ मैदान में उतरेगा वैश्य समाज : डॉ. नीरज बोरा