रामलला के दरबार में सीएम, विधानसभा अध्यक्ष और मंत्रियों-विधायकों ने शीश नवाया


अयोध्या। रामनगरी में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना यूपी सरकार के सभी मंत्रियों और विधायकों के साथ पहुंचे। रामलला के दरबार में पहुंचकर सभी ने शीश नवाया और जय श्रीराम के उद्घघोष के साथ प्रभु के श्रीचरणों में अपनी भावांजलि अर्पित करते हुए भाव विभोर हो उठे।

सत्ता पक्ष के साथ विपक्षी दलों के विधायक भी पहुंचे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के साथ रामलला का दर्शन करने वालों में भाजपा के साथ आरएलडी, बसपा, कांग्रेस और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के भी विधायक शामिल थे। सपा के विधायक साथ में नहीं आये। मुख्यमंत्री योगी और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के आग्रह पर यह धार्मिक यात्रा तय की गई थी।भाजपा नेताओं के साथ दर्शन करने वालों में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी थे। रामलला के दर्शन करने के बाद सभी मंत्रियों और विधायकों को प्रसाद दिया गया। सभी ने मंदिर परिसर में भोजन भी किया।

भक्तिभाव में डूबे नजर आये

अयोध्या धाम में सभी मंत्री और विधायक भक्तिभाव में डूबे नजर आए। सभी ने राम मंदिर परिसर में बैठ कर प्रभु श्रीराम का गुणगान किया। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा गया। मंत्री और विधायकों के साथ बड़ी संख्या में आम श्रद्धालुओं ने भी रामलला के दर्शन किए। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्धोष से गूंजता रहा।

दस बसों से गए थे अयोध्या

रामलला के दर्शन के लिए मंत्री और विधायक 10 लग्जरी बसों से लखनऊ से अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में बाराबंकी में सभी जनप्रतिनिधियों के नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। सभी करीब 11.30 बजे अयोध्या पहुंचे, जबकि मुख्यमंत्री विमान से यहां पहुंचे।

भावुक हो गए विधानसभा अध्यक्ष

दर्शन के बाद विधानसभा अध्यक्ष महाना ने कहा, ‘मैं बहुत भावुक हूं, क्योंकि मैं जब इस स्थान पर आया था तो यहां एक ढांचा खड़ा था। जो 6 दिसंबर को हमारे सामने टूटा था। मैं उस समय यहां पर आया था जब 1990 में यहां गोली चली थी। मैं उस समय भी  आया था, जिस समय चबूतरे का निर्माण हुआ था। आज भगवान का प्रत्यक्ष रूप से दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।’






टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

यूपी : विद्युत अभियंताओं के चुनाव में संजय सिंह चौहान अध्यक्ष व जितेंद्र सिंह गुर्जर पुन: महासचिव निर्वाचित

चंद्र ग्रहण रविवार 07 सितम्बर को, जानिए किन राशियों पर पड़ेगा प्रभाव और क्या करें उपाय

नये संकल्पों के साथ मैदान में उतरेगा वैश्य समाज : डॉ. नीरज बोरा