रामलला की अब राग सेवा से अर्चना
- ख्यातिलब्ध कलाकार डेढ़ महीने तक अर्पित करेंगे भाव सुमन
अयोध्या/लखनऊ। रामनगरी के श्री राम जन्मभूमि परिसर में निर्मित मंदिर में भगवान श्री रामलला के विराजमान होने के बाद यहां पर शास्त्रोक्त विधि के अनुसार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन लगातार जारी है। इसमें शुक्रवार से प्रारंभ होकर अगले डेढ़ महीने तक राग सेवा का आयोजन किया जाना है।
यह ऐसा आयोजन होगा, जिसमें देश के ख्यातिलब्ध नृत्य और संगीत के कलाकार अपनी अर्चना प्रभु रामलला को अर्पित करेंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का इस संबंध में कहना है कि शास्त्रीय परंपरा के अनुरूप 26 जनवरी से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में राग सेवा का आयोजन शुरू किया जा रहा है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार यह आयोजन भगवान के समक्ष गुडी मंडप में किया जाएगा। इस आयोजन में देश भर के विभिन्न प्रांतों और कला परंपराओं के 100 से अधिक सुप्रसिद्ध कलाकार अगले 45 दिनों तक भगवान श्री रामलला सरकार के श्रीचरणों में अपनी राग सेवा अर्पित करेंगे। न्यास की ओर से इस कार्यक्रम के कल्पनाकार और संयोजक यतींद्र मिश्र हैं।
वीडियो साभार - श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें