प्रभु श्रीराम का CM योगी ने खींचा रथ, अयोध्यावासियों से 22 जनवरी के लिए तैयारियों में जुटने को कहा
- योगी सरकार ने अयोध्या में दीपोत्सव पर 22 लाख 23 हजार दीप जलाने का बनाया विश्व रिकॉर्ड
- योगी आदित्य नाथ सरयू आरती में राज्यपाल और अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों संग शामिल हुए
अयोध्या। प्रभु श्रीराम की नगरी में शनिवार को भाव विभोर कर देने वाला नजारा संपूर्ण विश्व ने देखा। सरयू तट से लेकर राम की पैड़ी तक जगमगाते दीयों की रोशनी के साथ यहां एक नया रिकॉर्ड बना। 22 लाख 23 हजार दीप एक साथ एक ही जगह पर जलाने का विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए राम नगरी ने छोटी दीपावली पर प्रभु श्रीराम, माता जानकी, अनुज भाइयों सहित हनुमान जी महाराज की छवि को अपने हृदय मंदिर में बसा लिया। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने दीपोत्सव आयोजन में शामिल होते हुए सरयू जी की आरती उतारी और रामलला के भव्य-दिव्य मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर अगले साल 22 जनवरी को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने के लिए अयोध्यावासियों से कहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की प्रिय नगरी है और इसे दुनिया की सबसे सुंदर नगरी के रूप में विकसित करने के लिए डबल इंजन की सरकार संकल्पबद्ध है। आज अयोध्या में जितने पर्यटक आ रहे हैं, उससे 10 गुना ज्यादा पर्यटक आगामी मकर संक्रांति और 22 जनवरी 2024 को भव्य राम मंदिर के उद्घाटन के बाद यहां आने लगेंगे। इसलिए अयोध्यावासी अभी से अतिथि देवो भव: के संकल्प के साथ जुड़ जाएं। अयोध्यावासी उस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें। मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव के अवसर पर रामकथा पार्क में प्रभु श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी के वंदन अभिनंदन एवं प्रतीकात्मक राज्याभिषेक कार्यक्रम को संबोधित किया।
पीएम मोदी का अयोध्या में ऐतिहासिक स्वागत होना चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में जब दीपोत्सव का कार्यक्रम यहां प्रारंभ हुआ था तब अयोध्यावासियों में उत्साह के साथ तमन्ना भी दिखती थी। एक नारा गूंजता था कि ''योगी जी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो...''। आज 500 वर्षों के बलिदानों, आंदोलनों, अभियानों के उपरांत प्रभु श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। अब अयोध्यावासियों की जिम्मेदारी बनती है कि जब 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भगवान श्रीराम को उनके भव्य मंदिर में विराजमान करने के लिए आएं, तब अयोध्या में उनका स्वागत भी ऐतिहासिक होना चाहिए।नई अयोध्या को बनते हुए देख रहे हैं हम सब
मुख्यमंत्री ने दीपावली की सभी को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हम यहां दीपोत्सव के साक्षी बन रहे हैं। यह दीपोत्सव दुनिया के 100 से अधिक देशों में लाइव हो रहा है। दुनिया देख रही है कि कैसे भगवान श्रीराम हजारों साल पहले पुष्पक विमान से अयोध्या आए होंगे और कैसे देवताओं ने आकाश से पुष्पवर्षा की होगी। हमने सात साल पहले इस कार्यक्रम को जब शुरू किया तो असमंजस की स्थिति थी। उस वक्त पूज्य संतों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यहां जिस कार्यक्रम को शुरू किया गया, वो आज प्रधानमंत्री के एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार कर रहा है। हम सब नई अयोध्या को बनते हुए देख रहे हैं। अयोध्या में इस वक्त 30 हजार 500 करोड़ से विकास की 178 परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है। अगर निजी क्षेत्र की भी भागीदारी जोड़ लें तो आने वाले वक्त में यहां 50 हजार करोड़ की परियोजनाएं मूर्त रूप लेती दिखेंगी। इससे लाखों की संख्या में रोजगार का सृजन होगा।
रामराज्य की परिकल्पना को साकार कर रहे हैं प्रधानमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम के रामराज्य की परिकल्पना को प्रधानमंत्री ने बीते साढ़े नौ साल में पुष्ट किया है। चाहे दैविक आपदा रही हो, आतंकवाद की समस्या हो या अन्य समस्याओं और भय को खत्म करते हुए गरीबों के कल्याण के लिए कार्य किया गया है। गरीबों को आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, उनके इलाज के लिए 5 लाख का बीमा की मुफ्त व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं कोरोना काल से अब तक फ्री टेस्ट, फ्री वैक्सीन और मुफ्त उपचार मुफ्त खाद्यान उपलब्ध कराने का कार्य हो रहा है।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें