यूपी: लखनऊ में इंस्पेक्टर की गोली मार कर हत्या
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में दीवाली की देर रात एक इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात 2:30 बजे के करीब की बताई जा रही है। देर रात को इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह अपने घर के दरवाजे पर खड़े थे, तभी उन पर अज्ञात हमलावर ने फायर किया।
लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के मानस नगर में इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह को गोली मारने की जानकारी तुरंत डायल 112 पर दी गई। वहां पर पहुंची पुलिस टीम घायल को लेकर लोकबंधु अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने सतीश कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी सतीश कुमार सिंह पीएसी की चौथी बटालियन प्रयागराज में क्वार्टर मास्टर के पद पर तैनात थे। सतीश कुमार सिंह की हत्या होने की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने देर रात मौका मुआयना किया। मौके पर कृष्णा नगर थाना पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। मामले की छानबीन में पुलिस की टीम कर रही है। डीसीपी साउथ ने बताया कि मामले की छानबीन के लिए क्राइम और सर्विलांस टीम को लगाया गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें