बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष ने छह पूर्व अध्यक्षों की मौजूदगी में संभाला कार्यभार, सपा-बसपा रहे निशाने पर

  • बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मिठाई खिलाकर नए उत्तर प्रदेश को और मजबूत करने की बात कही
  • प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने पार्टी की खूबियां गिनाते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा, कहा- संगठन और सरकार मिलकर काम करेंगे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने छह पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की मौजूदगी में सोमवार को रज्य मुख्यालय पर पहुंच कर संगठन का कार्यभार संभाला। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने उन्हें मिठाई खिलाते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ नए उत्तर प्रदेश को और मजबूत करने की बात कही। 

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने इस अवसर पर पार्टी की खूबियों को गिनाते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा और सपा-बसपा को निशाने पर लेते हुए उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में पार्टी की सियासी लाइन को भी साफ कर दिया।

प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे चौधरी भूपेन्द्र सिंह का कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भव्य स्वागत किया। विघान भवन के सामने स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी के नवनियुक्त संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ वरिष्ठ नेता, सत्तारूढ़ दल के मंत्री भी कार्यकर्ताओं के जोश में शामिल हुए। यहां उनके स्वागत कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ भी पहुंचे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह आदि भी नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में सक्रिय रहे। इस दौरान हजरतगंज के पूरे इलाके में कई घंटों तक कार्यकर्ताओं-नेताओं के हुजूम के कारण जाम की स्थिति बनी रही।

प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय, केशव प्रसाद मौर्य और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह को पदभार ग्रहण कराया। कार्यभार संभालने के बाद चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि त्याग और परिश्रम का परिणाम है कि आज देश में भाजपा का नेतृत्व है। ऐसा नेतृत्व और समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा देता है और यह सिर्फ हमारी पार्टी में है। ये सब कभी सपा-बसपा में नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की विचारधारा देशहित में है। चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सामाजिक और आर्थिक सहित हर तरह से हम समाज के हित में कार्य करने के लिए तत्पर रहते हैं। संगठन और सरकार मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं केंद्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट करता हूं कि मेरे जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को उत्तर प्रदेश की बागडोर सौंपी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा, मिलकर काम करेंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने इस अवसर पर कहा कि हम नए प्रदेश अध्यक्ष और नए संगठन मंत्री के साथ मिलकर एक नए उत्तर प्रदेश को बनाने और उसे मजबूत करने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ स्तर से लेकर क्षेत्र स्तर तक संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह पहले भी कई अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। आशा है कि वह केंद्र और राज्य के बीच सेतु का काम करेंगे, जिससे प्रदेश को और मजबूती मिलेगी।  

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

यूपी : विद्युत अभियंताओं के चुनाव में संजय सिंह चौहान अध्यक्ष व जितेंद्र सिंह गुर्जर पुन: महासचिव निर्वाचित

चंद्र ग्रहण रविवार 07 सितम्बर को, जानिए किन राशियों पर पड़ेगा प्रभाव और क्या करें उपाय

नये संकल्पों के साथ मैदान में उतरेगा वैश्य समाज : डॉ. नीरज बोरा