राजग प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद के लिए पर्चा भरा, प्रधानमंत्री मोदी सहित अन्य नेता बने प्रस्तावक
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को पर्चा दाखिल किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अन्य वरिष्ठ बीजेपी नेता प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक बने। राष्ट्रपति पद के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। चुनाव जीतने पर द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहे।
नामांकन में विपक्षी दलों के नेता भी रहे मौजूद
संसद भवन परिसर स्थित राज्यसभा महासचिव के कार्यालय में निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी को द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर बीजेपी नेताओं के अलावा आंध्र प्रदेश में सत्ताधारी दल वाईएसआर कांग्रेस के विजयसाई रेड्डी, ओडिशा की बीजू जनता दल सरकार के दो मंत्री और उसके नेता सस्मित पात्रा, अन्नाद्रमुक नेता ओ पनीरसेल्वम और थम्बी दुरई तथा जनता दल यूनाइटेड के राजीव रंजन सिंह भी मौजूद थे।
सोनिया, ममता और शरद पवार से भी द्रौपदी मुर्मू ने बात की
नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार से फोन पर बात कर उनसे राष्ट्रपति चुनाव में अपनी उम्मीदवारी का समर्थन करने की अपील की। जानकारी के अनुसार द्रौपदी मुर्मू ने नामांकन दाखिल करने से पहले खुद ही तीनों प्रमुख विपक्षी नेताओं से बात की। जिस पर उनको सभी ने शुभकामनाएं दीं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें