आम आदमी पार्टी ने यूपी को 08 जोन में बांटा, आठ जोन अध्यक्षों को दी जिम्मेदारी
- आम आदमी पार्टी ने यूपी में बनाए 07 हजार वार्ड प्रभारी, तीन हजार वार्ड कमेटी बनाई
- उत्तर प्रदेश में पार्टी ने नगरीय क्षेत्रों में मोहल्ला प्रभारी बनाने का भी अभियान शुरू किया
लखनऊ। आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार का काम तेज करते हुए प्रदेश को 08 जोन में बांटकर सभी आठ जोन अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंप दी है। पार्टी ने आठ जोन अध्यक्षों के नाम घोषित करते हुए उत्तर प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में मोहल्ला प्रभारी बनाने का भी अभियान शुरू कर दिया है।
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार को यह जानकारी दी। संजय सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 07 हजार वार्ड प्रभारी बन चुके हैं। तीन हजार वार्ड कमेटी बन चुकी हैं। पूरे उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी नगरीय क्षेत्रों में मोहल्ला प्रभारी बनाने का अभियान शुरू कर रही है। 25 से 30 घर के ऊपर एक प्रभारी। माइक्रो लेविल तक आम आदमी पार्टी का संगठन जाएगा।
इन्हें मिली संगठन विस्तार की जिम्मेदारी
संजय सिंह ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश को आठ जोन में बांटकर संगठन विस्तार करेगी। पश्चिमी प्रांत में अध्यक्ष सोमेन्द्र ढाका, ब्रज प्रांत की अध्यक्ष डॉ. हृदेश चौधरी, बौद्ध प्रांत के अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ, बुंदेलखंड प्रांत के अध्यक्ष विवेक जैन, रुहेलखंड प्रांत के अध्यक्ष मो. हैदर, अयोध्या प्रांत के अध्यक्ष सूरज प्रधान, पूर्वांचल प्रांत के अध्यक्ष राजेश यादव और काशी प्रांत के अध्यक्ष के पवन तिवारी होंगे। इसी तरह से जोन के प्रभारी बौद्ध प्रांत के प्रभारी डा. अनुराग मिश्रा, रुहेलखंड प्रांत के प्रभारी नदीम अशरफ जायसी, अयोध्या प्रांत के प्रभारी विकास पटेल और पूर्वांचल प्रांत के प्रभारी अभिनव राय होंगे। उन्होंने कहा कि शेष 04 प्रांतों के प्रभारियों की घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिक्षक प्रकोष्ठ का प्रो. डीएनएस यादव को अध्यक्ष, अजय गुप्ता को महासचिव और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एपी सिंह और बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बीएन खरे बनाए गए हैं।
अग्निपथ के खिलाफ यूथ विंग और छात्र संघर्ष समिति करेगी आंदोलन करेगी
संजय सिंह ने कहा कि अग्निपथ योजना के खिलाफ 03 जुलाई को आम आदमी पार्टी की यूथ विंग एवाईडब्ल्यू और छात्र संघर्ष समित सीवाईएसएस आंदालन करेगी। भिक्षा मांगकर सांकेतिक रूप में आंदोलन किया जाएगा।
तिरंगा शाखा एक जुलाई से
एक जुलाई से तिरंगा शाखाओं की शुरुआत की जाएगी। आम आदमी पार्टी के लोग इस शाखा को चलाने का काम करेंगे। छह साथियों पर उसकी जिम्मेदारी है। आशुतोष सेंगर, अभिषेक सुनील, बृजलाल लोधी, सायना सिद्दीकी, जनक प्रसाद और संदीप कुमार की राज्य स्तरीय कमेटी तिरंगा शाखा के आयोजन को देखेंगी। 75 जिलों में 500 स्थानों पर शाखा होगी। एक हजार लोगों ने वेबसाइट पर तिरंगा शाखा में शामिल होने की सहमति दी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें