यूपी में निवेश के दावों को अखिलेश ने सवालों से घेरा

 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा निवेश करने के दावों पर सवाल उठा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार झूठे प्रचार और दिखावे के लिए नकली MOU करती है। इस सरकार ने जितने एमओयू किए हैं, उसमें ज्यादातर फर्जी हैं। 

समाजवादी पार्टी की तरफ से बुधवार को जारी एक बयान में यूपी में निवेश करने के बाबत यह आरोप लगाए गए। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया कि एआई की एक कम्पनी 2025 में बनी, उसकी वेबसाइट 2025 की है। 2026 में उससे 25 हजार करोड़ रुपये का एमओयू हो गया। जब कि इसके डायरेक्टर्स की कोई वैल्यू नहीं है, कोई वेल्थ नहीं है। कहां से आकर इतना बड़ा MOU कर लिया।

श्री यादव ने कहा कि यूपी में इसके पहले भी ऐसे कई MOU पकड़े गये थे, जिन कम्पनियों के पास कुछ भी नहीं था लेकिन उन्होंने हजारों करोड़ रुपये का एमओयू कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और भाजपाई निवेश का हवा-हवाई दावा करते हैं। जमीन पर कोई निवेश नहीं दिख रहा है। कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर है। बिना कमीशन के कोई काम नहीं हो रहा है। भाजपा सरकार ने प्रदेश की छवि को धूमिल कर दिया है। इस सरकार में हुए भ्रष्ट कांडों के उजागर होने से अच्छे-सच्चे और ईमानदार निवेशक हतोत्साहित भी होते हैं और प्रदेश में निवेश करने से विमुख होते हैं।

सपा कार्यकर्ताओं पर लगाती है फर्जी मुकदमे 

उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी है। नकारात्मक सोच की पार्टी है। सत्ता का दुरुपयोग करती है। विपक्ष के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार करती है। भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं पर फर्जी और झूठे मुकदमे लगाती है। धमकी और अवैध कार्रवाई करती है।  

अखिलेश यादव ने  इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ताओं को सम्बोधित भी किया। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव निकट आता जा रहा है, वैसे-वैसे भाजपा नेतृत्व बौखला रहा है। विपक्ष को बदनाम कर रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रयोग खेती, किसानी और अन्य सकारात्मक कार्यों के लिए करना चाहिए था लेकिन भाजपा इसका प्रयोग विपक्ष के खिलाफ करती है। भाजपा सरकार के पास विकास का कोई रोड मैप नहीं है। नौजवानों के लिए नौकरी नहीं है। महंगाई बढ़ती जा रही है। 

अखिलेश यादव ने बयान में कहा कि कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में बर्बाद कर दिया है। कानून-व्यवस्था खराब हो गयी है। हर दिन हत्याएं हो रही हैं। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जी के क्षेत्रों में खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गये हैं। अन्याय अत्याचार चरम पर है। 2027 में भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना ही प्रदेश के हित में है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में पुनः विकास की गंगा प्रवाहित होंगी। ईमानदारी से जनता की सेवा की जाएगी। भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का अंत होगा।          

         

टिप्पणियाँ