कन्हैया की नगरी ढोल-नगाड़ों की आवाज तो कहीं बांसुरी की धुन से गूंजी
- श्रीकृष्ण जन्मस्थान से सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ श्रीकृष्णोत्सव 2025 का हुआ शुभारंभ
- कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, डीएम, सीईओ ने ढोल बजाकर लोक कलाकारों का बढ़ाया उत्साह
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा शुक्रवार को निकाली गई सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ ही श्रीकृष्णोत्सव 2025 का श्री गणेश हो गया। शुभारंभ गन्ना विकास एंव चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने ढोल बजाकर किया। जिलाधिकारी सीपी सिंह और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह, श्रीकृष्ण जन्म स्थान सेवा संस्थान से गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने भी ढोल बजाकर शोभायात्रा में शामिल लोक कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। शोभायात्रा में लोक कलाकारों की लोक लुभावनी प्रस्तुतियों ने समा बांध दिया।
श्रीकृष्ण जन्म स्थान के मुख्य द्वार से शुरू हुई शोभायात्रा में शामिल लोक कलाकारों का जगह जगह स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। शोभायात्रा में विभिन्न टोलियों में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जा रही लोक कला को देखकर जन्माष्टमी पर दर्शन को देश विदेश से मथुरा आए श्रद्धालुओं के कदम भी ठहर गए। कहीं मयूर नृत्य था तो कहीं ढोल नगाड़ों की आवाज गूंज रही थी। बांसुरी की धुन पर श्रद्धालुओं के कदम भी झूमने को आतुर हो रहे थे।
कई टोली संकीर्तन करते हुए चल रही थी तो कहीं राजस्थानी गुजरियां का नृत्य लोगों को आकर्षित करता रहा। बहरूपिये भी अपनी प्रतिभा से लोगों को लुभाते रहे। बीन की आवाज भी लोगों के कानों में रस घोलती रही। जन्मस्थान से शुरू हुई शोभायात्रा पोतरा कुंड, गोविंद नगर, डीग गेट होते हुए फिर जन्मस्थान पहुंची।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें