'महिलाएं और युवा लोकतंत्र को सशक्त करने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाएं'


लखनऊ। नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर के दर्शनशास्त्र विभाग एवं एनसीसी विंग के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमती महेंद्र कौर सोढ़ी स्मृति परिचर्चा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में "राजनीति में महिलाओं एवं युवाओं की भूमिका" विषय पर परिचर्चा हुई। इसमें महाविद्यालय की उन आठ छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा 2023-24 में आयोजित सेमेस्टर परीक्षा में दर्शनशास्त्र विषय में 75 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किये।


परिचर्चा में मुख्य वक्ता के रूप में प्रोफेसर मनुका खन्ना प्रति कुलपति लखनऊ विश्वविद्यालय और बतौर विशिष्ट अतिथि लखनऊ नगर निगम के नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय तथा संयोजन व संचालन विभागाध्यक्ष दर्शनशास्त्र एवं एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सोढ़ी ने किया।


सम्मानित होने वाली छात्राओं में सेमेस्टर द्वितीय में 84 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर काजल गौतम, सेमेस्टर 4 में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर नेहा कुमारी, 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर अंशी गुप्ता एवं 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर आस्था लोधी, सेमेस्टर छह में 83 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर जागृति पांडेय, 77 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर अंशिका मिश्रा तथा खुशी सिंह, 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर आस्था वर्मा में से प्रत्येक को रुपये एक हजार का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों में श्रीमती गीता, श्रीमती प्रतिभा गुप्ता, मीरा मिश्रा, सुंदरी सिंह व महेंद्र कुमार वर्मा आदि को भी प्रशस्ति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। ये विशेष समारोह एवं नगद पुरस्कार मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सोढ़ी द्वारा अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती महेंद्र कौर सोढ़ी जी की जन्म दिवस की स्मृति में विगत दस वर्षों से प्रदान किया जा रहा है।

महिलाओं और युवाओं की राजनीति में भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत करती है : प्रोफेसर मनुका खन्ना 

मुख्य वक्ता प्रोफेसर मनुका खन्ना ने अपने संबोधन में कहा महिलाओं और युवाओं की राजनीति में भागीदारी न केवल लोकतंत्र को मजबूत करती है, बल्कि समाज के विकास और समानता को भी बढ़ावा देती है। दोनों समूहों को सशक्त बनाने के लिए नीतिगत सुधार शिक्षा और सामाजिक दृष्टिकोण में बदलाव जरूरी है। महिलाओं को सर्वप्रथम अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना चाहिए, क्योंकि वह समाज में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करती हैं, जिसके लिए स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए।

जिम्मेदारों से प्रश्न करना सीखिये : इंद्रजीत सिंह

विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने कहा युवाओं को विशेष रूप से अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और विभिन्न सरकारी योजनाओं से भी अवगत रहना चाहिए, जो कि उनके बेहतर भविष्य के लिए लाभदायक हो सकती हैं। इसके अतिरिक्त अपने क्षेत्र के विकास से संबंधित गतिविधियों के लिए भी आवश्यक प्रश्न जिम्मेदारों से करना सीखना चाहिए। उन्होंने भी स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर बल दिया, क्योंकि एक स्वस्थ व्यक्तित्व ही किसी भी समाज या राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। समाज में बहुत सी प्रतिकूल परिस्थितियां भी हम सब के समक्ष आती हैं लेकिन हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण से समझदारी से आगे बढ़ते रहना चाहिए।

राजनीति में महिलाओं-युवाओं की भागीदारी समाज को नई दिशा देने वाली : प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय

प्राचार्य प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी सम्मानित होने वाली छात्राओं तथा उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। उन्हें जीवन में इसी प्रकार से लक्ष्य केंद्रित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा जन्मदिवस की स्मृति के उपलक्ष्य में छात्राओं को नगद पुरस्कार से सम्मानित करने जैसे पुनीत कार्य की प्रशंसा की। महिलाओं और युवाओं की राजनीति में भूमिका से संबंधित विषय पर उन्होंने कहा कि महिलाएं जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका में हैं और अपना बेहतर प्रदर्शन कर रहीं हैं। राजनीति के क्षेत्र में भी युवा महिलाओं की भागीदारी समाज को एक नई दिशा प्रदान कर सकती है।

सकारात्मक दृष्टिकोण भारत के समावेशी विकास के लिए महत्वपूर्ण : डॉ. मनमीत कौर सोढ़ी

कार्यक्रम संयोजक मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सोढ़ी ने कहा कि महिलाओं की सहभागिता से राजनीति में अधिक संवेदनशीलता और अनुशासन आता है। युवाओं की सहभागिता से ऊर्जा, नवीनता और भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण मिलता है, जो भारत के समावेशी विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिखा यादव ने किया। इस अवसर पर प्रो. संगीता शुक्ला, प्रो. ऋचा शुक्ला, प्रो. निनी कक्कड़, प्रो. सीमा सरकार समेत बड़ी संख्या में प्रवक्ता, छात्राएं एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

यूपी : विद्युत अभियंताओं के चुनाव में संजय सिंह चौहान अध्यक्ष व जितेंद्र सिंह गुर्जर पुन: महासचिव निर्वाचित

चंद्र ग्रहण रविवार 07 सितम्बर को, जानिए किन राशियों पर पड़ेगा प्रभाव और क्या करें उपाय

नये संकल्पों के साथ मैदान में उतरेगा वैश्य समाज : डॉ. नीरज बोरा