पूर्वांचल में चंद्रशेखर को मिल रहे समर्थन ने दलों को चौंकाया, मझवां सीट पर भी ठोकेंगे ताल


लखनऊ। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना सुरक्षित लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश विधानसभा के 10 सीटों के उपचुनाव में अपना दमखम दिखने के लिए तैयारी में जुट गए हैं। चंद्रशेखर रविवार को मिर्जापुर जिले की मझवां विधानसभा सीट पर उपचुनाव लड़ने के दावे के साथ अपने समर्थकों की मौजूदगी में सभा करने पहुंचे। पूर्वांचल के इस इलाके में उनको सुनने, देखने और समर्थन देने के लिए पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं के हुजूम ने राजनीतिक दलों को चौंकाया है। 

मझवां विधानसभा सीट पर सन 2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी ने जीत हासिल की थी। भारतीय जनता पार्टी ने निषाद वोटरों की बहुलता वाली इस सीट को अपने गठबंधन के साथी निषाद पार्टी को दिया था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में अपनी पहचान और पकड़ के साथ आगे बढ़ रहे चंद्रशेखर और उनके दल आजाद समाज पार्टी को यहां पर काफी समर्थन मिल रहा है। चंद्रशेखर और उनकी पार्टी को अभी तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में ही थोड़ा बहुत असर रखने वाला माना जाता रहा है।

मायावती की बहुजन समाज पार्टी से जुड़े तमाम कार्यकर्ता और समर्थक भी चंद्रशेखर की भीम आर्मी और उनकी पार्टी के प्रति लगाव और सहानुभूति रखते हैं। खासकर युवा वर्ग में चंद्रशेखर का काफी क्रेज देखा जा रहा है। इसी का नतीजा रहा कि हाल के लोकसभा चुनाव में नगीना सुरक्षित सीट से चंद्रशेखर सांसद का चुनाव जीतने में सफल रहे। 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश से निकलकर पूरे प्रदेश में कदम जमाने में जुटे हैं चंद्रशेखर

नगीना सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र के चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने भी जाकर वहां भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार किया था। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव तो पार्टी प्रत्याशी के लिए नगीना में दो बार सभा करने के लिए पहुंचे थे। इसके बावजूद चंद्रशेखर को चुनाव में भारी समर्थन मिला। यही नहीं पूर्वांचल में आने वाली डुमरियागंज लोकसभा सीट पर आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी ने बड़े दलों की मौजूदगी के बावजूद 81 हजार के करीब वोट हासिल करके पार्टी के बढ़ते प्रभाव का संकेत दिया है। यही वजह है कि चंद्रशेखर ने विधानसभा की सभी 10 सीटों पर उपचुनाव चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। मिर्जापुर के मझवां में उन्होंने भारी भीड़ जुटाकर अन्य पार्टियों की चिंता तो बढ़ा ही दी है।

विधानसभा चुनाव में मझवां का यह रहा था परिणाम

मिर्जापुर जिले की मझवां विधानसभा सीट सन 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपने गठबंधन के साथी निषाद पार्टी को दी थी। यहां से संजय निषाद ने अपने पार्टी के उम्मीदवार डॉ. विनोद कुमार बिंद को चुनाव मैदान में उतारा था

निषाद पार्टी का पूरा नाम निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल है। सामान्य सीट मझवां विधानसभा के चुनाव में 2022 में 42.07 प्रतिशत वोट पड़े थे। डॉ. बिंद ने समाजवादी पार्टी के रोहित शुक्‍ला को 33,587 वोटों के अंतर से हराया था। निषाद बिरादरी के वोटरों की बहुलता वाली इस सीट पर बसपा प्रत्याशी पुष्पलता बिंद को 52,990 वोट मिले थे। निषाद पार्टी के डॉ. बिंद ने 103,225 वोट हासिल करके यह सीट भाजपा गठबंधन के हिस्से में डाल दी थी। इस चुनाव में 14 प्रत्याशी मैदान में थे। जिसमें कांग्रेस, जदयू और मुकेश सहनी के दल विकास शील इंसान पार्टी के प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में उतरे थे।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

यूपी : विद्युत अभियंताओं के चुनाव में संजय सिंह चौहान अध्यक्ष व जितेंद्र सिंह गुर्जर पुन: महासचिव निर्वाचित

चंद्र ग्रहण रविवार 07 सितम्बर को, जानिए किन राशियों पर पड़ेगा प्रभाव और क्या करें उपाय

नये संकल्पों के साथ मैदान में उतरेगा वैश्य समाज : डॉ. नीरज बोरा