जाट नेता चौधरी भूपेन्द्र सिंह को यूपी का नया अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने पश्चिमी यूपी में कई समीकरण साधे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी 2.0 की सरकार बनने के बाद से प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की जगह नए अध्यक्ष की तलाश कर रही भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जाट नेता चौधरी भूपेन्द्र सिंह को यह जिम्मेदारी देने की घोषणा की। बीजेपी ने चौधरी भूपेन्द्र सिंह को यूपी बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाकर मुख्य रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जातीय समीकरणों का साधने का काम किया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके नाम का ऐलान किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने नया अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी मीडिया को दी। बीजेपी में एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत के नाते स्वतंत्र देव सिंह को मंत्री बनाए जाने के बाद से ही इस पद के लिए शीर्ष नेतृत्व उपयुक्त व्यक्ति की तलाश कर रहा था। इस बीच जुलाई में प्रदेश अध्यक्ष पद पर स्वतंत्र देव का तीन वर्ष का कार्यकाल भी पूरा हो गया। इसी दौरान यूपी बीजेपी के संगठन महामंत्री सुनील बंसल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाने के बाद यूपी में पिछड़ा वर्ग के नेता धर्मपाल सिंह को बंसल की जगह पर जिम्मेदारी दी। झारखंड में संगठन महामंत्री का दायित्व निभा रहे धर्मपाल सैनी बिरादरी से आते हैं। बिजनौर के नगीना निवासी धर्मपाल ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एबीवीपी का काम देखा है।
बीजेपी अध्यक्ष बनाए गए चौधरी भूपेन्द्र सिंह जाट बिरादरी से हैं। उन्हें बीजेपी का पश्चिमी यूपी में मजबूत पकड़ रखने वाला नेता माना जाता है। यही वजह है कि पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के गठजोड़ को बीजेपी ने पश्चिमी यूपी में किसान आंदोलन के बाद भी जोरदार टक्कर देते हुए अपनी कई सीटों पर जीत हासिल की थी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट, सैनी और गुर्जर वोट बैंक को बीजेपी का करीबी माना जाता है, लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव-जयंत चौधरी की जोड़ी ने भगवा खेमे को काफी परेशान किया। अब सन 2024 में लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अखिलेश यादव-जयंत चौधरी की घेराबंदी के लिए धर्मपाल और भूपेन्द्र को मैदान में उतार दिया है।
मुरादाबाद निवासी भूपेन्द्र हैं कम बोलने वाले जमीनी नेता
किसान परिवार के चौधरी भूपेन्द्र सिंह का जन्म मुरादाबाद जिले के महेंद्री सिंकदरपुर गांव में वर्ष 1966 में एक किसान परिवार में हुआ था। उनकी शुरुआती शिक्षा गांव के ही प्राथमिक स्कूल में हुई। फिर मुरादाबाद के आरएन इंटर कॉलेज से उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई की। आगे चलकर वह विश्व हिंदू परिषद से भी जुड़े। कम बोलने वाले चौधरी भूपेन्द्र सिंह जमीनी नेता माने जाते हैं। वह अभी यूपी विधान परिषद के सदस्य हैं। उन्हें 10 जून 2016 को उत्तर प्रदेश विधान परिषद का सदस्य चुना गया था। वह बीजेपी के 2012 में पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं।
चौधरी भूपेन्द्र सिंह सन 1989 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े। सन 1990 में जिला अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद मुरादाबाद रहे। इसके बाद 1994 में कोषाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद और फिर 1995 में महामंत्री भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद रहे। बाद में 1996 से 2000 जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद की जिम्मेदारी भी उन्होंने निभाई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें