परिवहन विभाग में नौकरी से दंपति ने बना ली बेहिसाब दौलत
- ईओडब्ल्यू की दबिश में दोनों पति-पत्नी के पास से आय से 650 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिली, छह आलीशान मकान व फार्म हाउस आदि मिलने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के जबलपुर में परिवहन विभाग के अधिकारी आरटीओ संतोष पाल के यहां आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ईओडब्ल्यू की कार्रवाई में बेहिसाब संपत्ति मिली है। उसकी पत्नी रेखा पाल भी परिवहन विभाग में क्लर्क है। पाल दंपति के पास आय से 650 गुना अधिक संपत्ति अब तक की छानबीन में मिली है। इसमें फार्म हाउस, दो लग्जरी कार, जबलपुर शहर की पॉश कॉलोनी में 06 मकानों सहित करोड़ों रुपये की संपत्ति का पता ईओडब्ल्यू ने लगाया है।
ईओडब्ल्यू की जांच में अब तक पाल दंपति के पास से जेवर और कैश के अलावा कई अन्य अचल संपत्तियों की जानकारी मिली है। बेहद शानो-ओ-शौकत भरी जिंदगी बिताने वाले आरटीओ संतोष पाल ने अपना आलीशान थिएटर घर के अंदर बनवा रखा है। अब ईओडब्ल्यू की टीम उससे इन सब में निवेश का पता लगा रही है। पाल दंपति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
शिकायत लंबे समय से विचाराधीन थी
आरटीओ जबलपुर संतोष पाल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति जुटाने की शिकायत लंबे समय विचाराधीन थी। जांच में देरी के चलते शिकायतकर्ताओं ने कोर्ट का भी रुख किया था। बुधवार को देर शाम ईओडब्ल्यू की जबलपुर और सागर जिलों की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम जबलपुर में शताब्दीपुरम स्थित आरटीओ पाल के आलीशान मकान पर पहुंची। तलाशी के दौरान पता चला कि इसी पॉश कॉलोनी में उनका दूसरा मकान भी है। अब तक की जांच में 06 घरों का पता चला है। ये सभी पॉश कॉलोनियों में हैं और बेहद भव्य तरीके से बनाए गए हैं।
सर्च ऑपरेशन जारी
ईओडब्ल्यू की टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है। टीम पाल के निवेश और संपत्ति का पता लगा रही है। आरटीओ पाल और उनकी पत्नी रेखा पाल एक ही दफ्तर में काम करते हैं। ईओडब्ल्यू के ब्यौरे में बताया गया है कि पाल दंपति की वेतन और भत्तों से अर्जित आय से 650 प्रतिशत अधिक अघोषित संपत्ति का पता चला है। लिहाजा दोनों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। ईओडब्ल्यू एसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायतों के सत्यापन के बाद निरीक्षक स्वर्ण सिंह धामी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। एसपी का कहना है कि दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर अर्जित सम्पत्ति एवं व्यय का आकलन किया जा रहा है।
यह प्रापर्टी मिली
- 1247 वर्ग फुट का आवासीय भवन, पीपी कॉलोनी ग्वारीघाट।
- 1150 वर्ग फुट का आवासीय भवन, शंकरशाह वार्ड।
- 10,000 वर्ग फुट के दो आवासीय भवन, शताब्दीपुरम।
- 570 वर्ग फुट का आवासीय भवन, कस्तूरबा गांधी वार्ड।
- 771 वर्ग फुट का आवासीय भवन, गढ़ाफाटक।
- 1.4 एकड़ का फार्म हाउस, दीखाखेड़ा चरगवांं।
- दो लग्जरी कार और दो मोटरसाइकिल तथा जेवर-कैश आदि।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें