नजर: यूपी की 80 लोकसभा सीट पर, निशाना: प्रधानमंत्री मोदी ने मुलायम के करीबी चौधरी हरमोहन सिंह यादव की पुण्यतिथि के बहाने ‘यादव लैंड’ को भगवा रंग में रंगने का अभियान छेड़ा
लखनऊ। मधुरेन्द्र श्रीवास्तव
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और सहयोगी दलों की सरकार में डिप्टी सीएम सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों और नेताओं के साथ सन 2024 के लोकसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नजर सोमवार को 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश पर रही। यूपी में प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी रहे चौधरी हरमोहन सिंह यादव की पुण्यतिथि के बहाने उन्होंने ‘यादव लैंड’ को भगवा रंग में रंगने का अभियान छेड़ा।
प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली से ऑनलाइन 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम के जरिये लोगों से रूबरू हुए। उन्होंने चौधरी हरमोहन सिंह यादव के राजनीतिक योगदान और उनके समाज के प्रति किए गए कार्यों की खूब सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपातकाल के दौरान जब देश के लोकतंत्र को कुचला गया तो सभी प्रमुख पार्टियों ने, हम सबने एक साथ आकर संविधान को बचाने के लिए लड़ाई भी लड़ी। कहा, ‘चौधरी हरमोहन सिंह यादव जी भी उस संघर्ष के एक जुझारू सैनिक थे।’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हमारे देश के लिए एक बहुत बड़ा लोकतांत्रिक अवसर भी है। आज हमारी नई राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण हुआ है। आजादी के बाद पहली बार आदिवासी समाज से एक महिला राष्ट्रपति देश का नेतृत्व करने जा रही हैं। हमारे यहां देश और समाज के हित विचारधाराओं से बड़े रहे हैं। कहा, ‘हरमोहन सिंह यादव जी ने न केवल सिख संहार के खिलाफ राजनैतिक स्टैंड लिया, बल्कि सिख भाई-बहनों की रक्षा के लिए वो सामने आकर लड़े। अपनी जान पर खेलकर उन्होंने कितने ही सिख परिवारों की, मासूमों की जान बचाई।‘
उन्होंने कहा कि चौधरी हरमोहन सिंह यादव ने अपना राजनीतिक जीवन ग्राम पंचायत से शुरू किया था। उन्होंने ग्राम पंचायत से राज्यसभा तक का सफर तय किया। वो प्रधान बने, विधान परिषद सदस्य और सांसद बने। राजनीति के शिखर तक पहुंच कर भी हरमोहन सिंह जी की प्राथमिकता समाज ही रहा। कहा, लोहिया जी के विचारों को उत्तर प्रदेश और कानपुर की धरती से हरमोहन सिंह यादव जी ने अपने लंबे राजनैतिक जीवन में आगे बढ़ाया। उन्होंने प्रदेश और देश की राजनीति में जो योगदान किया, समाज के लिए जो कार्य किया उनसे आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन मिल रहा है।
चौधरी हरमोहन के पुत्र सुखराम कानपुर से कार्यक्रम में हुए शामिल
चौधरी हरमोहन सिंह यादव के पुत्र और अखिल भारतीय यादव महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी सुखराम सिंह यादव कानपुर से अपने पिता की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। बीती 04 जुलाई तक राज्यसभा के सदस्य रहे चौधरी सुखराम सिंह की गिनती भी मुलायम सिंह यादव की करीबियों में होती रही है। अखिल भारतीय यादव महासभा के लंबे समय तक राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे चौधरी हरमोहन सिंह यादव का ‘यादव लैंड’ के एटा, इटावा, मैनपुरी, कन्नौज और कानपुर सहित एक दर्जन से ज्यादा जिलों में प्रभाव रहा है। उनके पुत्र चौधरी सुखराम सिंह भी इन इलाकों में काफी असर रखते हैं। सुखराम का भगवा खेमे के करीब जाना यकीनन बीजेपी को मजबूत करने में मददगार साबित होगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें