अमित शाह ने अरुणाचल के लोहित में किया भगवान परशुराम की 51 फुट ऊंची कांस्य मूर्ति का शिलान्यास; राहुल पर कसा तंज, ‘भारतीय चश्मा पहने बिना विकास नहीं दिखेगा’

 

नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश के दो दिन के दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि यदि कांग्रेस आंखें बंद रखेगी तो वह विकास को देख नहीं पाएगी। राहुल गांधी, आंखें खोलिए और इतालवी चश्मे उतार कर भारतीय चश्मे पहनिए। तभी आप क्षेत्र में मोदी सरकार द्वारा किए गए विकास को देख पाएंगे, जो आपकी पार्टी 50 साल में करने में नाकाम रही।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अरुणाचल प्रदेश के नामसाई में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी ने पूर्वोत्तर भारत में भ्रष्टाचार की संस्कृति को समाप्त किया है। विकास कार्यों के लिए निर्धारित धन अब आखिरी व्यक्ति तक पहुंचा है, जबकि कांग्रेस के शासन में अधिकतर राशि बिचौलिए हड़प जाते थे। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के 50 साल में इस क्षेत्र को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सन 2014 में सत्ता में आने के बाद ही इस क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन के दौरान इस क्षेत्र के लिए दी गई विकास निधि को बिचौलियों ने हड़प लिया लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने सुनिश्चित किया है कि विकास का पैसा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

अरुणाचल प्रदेश के लोहित में परशुराम जी की 51 फुट ऊंची कांस्य की मूर्ति

अरुणाचल प्रदेश की यात्रा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह नामसाई के गोल्डेन टेंपल पैगोडा भी गए और प्रार्थना की। इससे पहले शनिवार 21 मई को अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले में उन्होंने भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम जी की 51 फुट ऊंची कांस्य की मूर्ति का शिलान्यास किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘परशुराम कुंड में भगवान परशुराम जी की 51 फीट ऊंची कांस्य मूर्ति का शिलान्यास किया। यह सनातन संस्कृति की बहुमूल्य धरोहर है, जिसके विकास व संरक्षण को पहले की सरकारों ने महत्ता नहीं दी। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रसाद योजना से ऐसे सभी तीर्थस्थलों के पुनरुद्धार की अद्भुत शुरुआत की है।’      

                                                                       

परशुराम कुंड : जहां मातृवध पाप से मुक्ति के लिए स्नान किया था

अमित शाह ने लोहित की यात्रा को लेकर कई ट्वीट कर कहा कि आज अपने प्रवास पर एक बहुत विशिष्ट स्थान परशुराम कुंड जाने का सौभाग्य मिला। अरुणाचल के लोहित में प्रकृति की गोद में स्थित यह दिव्य कुंड बहुत ही दर्शनीय स्थल है, जहां आकर अत्यंत सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। इसी कुंड में भगवान परशुराम जी ने मातृवध पाप से मुक्ति के लिए स्नान किया था। मोदी सरकार ने परशुराम कुंड के उद्धार के लिए प्रसाद योजना के तहत गत वर्ष ‘परशुराम कुंड विकास’ परियोजना शुरू की। जिससे कुंड के पुनरुद्धार के साथ ही पर्यटक सूचना केंद्र और आधुनिक तीर्थ सुविधाओं जैसी विभिन्न पहलों के लिए ₹37.88 करोड़ रुपये दिए गए। उन्हीं विकास कार्यों की समीक्षा भी की।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

यूपी : विद्युत अभियंताओं के चुनाव में संजय सिंह चौहान अध्यक्ष व जितेंद्र सिंह गुर्जर पुन: महासचिव निर्वाचित

चंद्र ग्रहण रविवार 07 सितम्बर को, जानिए किन राशियों पर पड़ेगा प्रभाव और क्या करें उपाय

नये संकल्पों के साथ मैदान में उतरेगा वैश्य समाज : डॉ. नीरज बोरा